रायपुर, 15 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में विधायक सम्पत अग्रवाल के नेतृत्व में सतनाम पंथ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने 28 दिसंबर को परम् पूज्य गुरु घासी दास बाबा की जयंती महोत्सव के अवसर पर महासमुंद जिले के ग्राम साजापाली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मुख्यमंत्री को सौंपा।
भेंट के दौरान सतनाम पंथ के पदाधिकारियों ने जयंती महोत्सव की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, सत्य और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश देता है, जो गुरु घासी दास बाबा के विचारों का मूल आधार है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु घासी दास बाबा के सामाजिक और आध्यात्मिक विचार समाज को समानता, सद्भाव और नैतिकता की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है और सामाजिक एकता को बल मिलता है।
इस अवसर पर लखनमुनि महाराज, अभय घृतलहरे सहित सतनाम पंथ के अन्य प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।










