रायपुर, 18 सितंबर 2024/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए संचालित पीएम जनमन योजना (प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान) से छत्तीसगढ़ के अति पिछड़े जनजातीय समुदायों की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। इन जनजातियों के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली जैसी सुविधाओं से वंचित इन जनजातियों को अब मिशन मोड में ये सुविधाएं मिलने लगी हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पीएम जनमन योजना के सफल क्रियान्वयन से विशेष पिछड़ी जनजातियों के इलाकों में तेजी से विकास और निर्माण कार्य हो रहे हैं। इस योजना को शुरू हुए अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, फिर भी इसके सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। कबीरधाम जिले में इस योजना से बैगा समुदाय की स्थिति में उल्लेखनीय बदलाव आया है।

कबीरधाम, राजनांदगांव, मुंगेली, बिलासपुर, और कोरिया जिले में निवास करने वाले बैगा समुदाय छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों में सबसे अधिक आबादी वाला समुदाय है। राज्य के इन 5 जिलों में बैगा समुदाय के 24,589 परिवार निवासरत हैं, जिनमें से लगभग 46% यानी 11,261 परिवार कबीरधाम जिले में रहते हैं।

कबीरधाम जिले के बोडला और पंडरिया क्षेत्रों में बैगा समुदाय के 255 परिवारों के घरों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। 56 बैगा बसाहटों को जोड़ने के लिए 186.20 किलोमीटर लंबी 47 सड़कों के निर्माण के लिए 135.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 42 सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।

कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड में विशेष शिविरों के माध्यम से बैगा समुदाय के 1,870 परिवारों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए हैं। इन गांवों की 86 गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान के कारण अब बैगा महिलाएं प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों में बिना झिझक जा रही हैं।
खेती-किसानी के लिए दी जा रही मदद से अब बैगा समुदाय बेवर खेती छोड़कर परंपरागत खेती करने लगा है। राज्य सरकार द्वारा उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण के माध्यम से सहायता दी जा रही है। कबीरधाम जिले में बैगा समुदाय को इस वर्ष 11.70 लाख रुपये का कृषि ऋण दिया गया है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले की 260 बैगा बसाहटों में सोलर पंप, पानी टंकी, पाइपलाइन के माध्यम से नल से जल की आपूर्ति का काम तेजी से किया जा रहा है। बोडला और पंडरिया ब्लॉक की बसाहटों में पानी की सुविधाएं तेजी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस योजना के अंतर्गत 8,440 बैगा परिवारों को आवास के लिए पात्र पाया गया है, जिनमें से 7,853 परिवारों का पंजीयन आवास पोर्टल में किया गया है और 7,394 परिवारों को आवास की स्वीकृति दी गई है। इन क्षेत्रों में 4 छात्रावास, 39 आंगनबाड़ी केंद्र, 2 वनधन केंद्र, 13 बहुद्देशीय केंद्र सहित कुल 370 कार्यों की स्वीकृति दी गई है, जिन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है।









