छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के एक युवक ने रायगढ़ में कलेक्टर के बंगला परिसर में फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार देर रात की इस घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह सुरक्षाकर्मियों को हुई। बाद में इसकी सूचना कलेक्टर भीम सिंह को दी गई। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका था। पुलिस ने इस मामले में युवक के तीन साथियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आशीष एक्का साल भर पहले अपने तीन साथियों के साथ बेंगलुरु में मजदूरी करने गया था। वह वहां से बुधवार रात लगभग साढ़े 11 बजे रायगढ़ स्टेशन पहुंचा। यहां से उसके तीनों साथी बस से गृृह ग्राम लौट गए और वह कलेक्टर बंगला परिसर के अंदर चला गया। वहां उसने बेल्ट के सहारे लोहे के एक एंगल में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान उसके पैंट की जेब से मिले रेल टिकट और आधार कार्ड से हुई। कोेतवाली पुलिस की सूचना पर सीतापुर पुलिस ने तीनों युवकों को बस से उतरते ही हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही थी।










