टी20 विश्व कप में भारतीय टीम अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और इसे लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइकल क्लिंगर ने अन्य टीमों को चेताया है। क्लिंगर का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में भारत के प्रदर्शन से पता चलता है कि सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में आखिर क्यों गत चैंपियन को हराना बहुत मुश्किल होगा।डब्ल्यूपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात जाएंट्स के मुख्य कोच क्लिंगर के अनुसार भारत का आक्रामक शीर्ष क्रम उन्हें आईसीसी टूर्नामेंट में सबसे मजबूत टीम बनाता है। क्लिंगर ने कहा, जिस फॉर्म में भारत है और मैंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ जो देखा उससे भारत को हराना बहुत मुश्किल होगा। उन्हें हराने के लिए किसी टीम को शायद फाइनल में उनके खराब दिन का फायदा उठाना होगा।










