सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत श्री राधा कृष्ण मंदिर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की है। अज्ञात चोरों ने 16 और 17 सितंबर की रात श्री राधा कृष्ण मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे ताले को तोड़कर दान पेटी चुरा ली है। मामले की शिकायत लेकर नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव और सामाजिक पदाधिकारी सिटी कोतवाली कोण्डागांव पहुंचे। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था।
कोण्डागांव नगर के नेशनल हाईवे 30 पर श्री राधा कृष्ण मंदिर स्थित है। श्री राधा कृष्ण मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी चुरा ली है। दान पेटी चोरी होने के मामले पर समाज के पदाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव मामले की शिकायत लेकर कोतवाली पुलिस के पास पहुंचे हैं। यहां पहुंचे पदाधिकारी ने बताया कि, श्री राधा कृष्ण मंदिर में अब तक तीन बार दान पेटी की चोरी हो चुकी है, लेकिन जब भी मामले की शिकायत थाने में करते हैं तो पुलिस केवल जांच के नाम पर खानापूर्ति कर लेती है। अब तक किसी भी मामले में चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिस कारण चोरों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। इससे पूरा यादव समाज आक्रोशित है।
वही नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि जब मामले की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे तो थाने में कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। यदि मामले की तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जाती तो शायद चोरों तक पुलिस पहुंच पाती।









