मध्य प्रदेश में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव 2023 में डिजिटल प्रचार की शुरुआत की है। इसके लिए 219 हाईटेक रथ बनाए गए हैं, जो खुद ही सभाएं करेंगे। इन रथों से प्रदेश में 50 हजार सभाएं होंगी। रथ सभाओं के माध्यम से एक करोड़ से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाने की तैयारी है। प्रदेश कार्यालय से सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा हाईटेक रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संभागीय मुख्यालयों से भी वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया गया।
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी चुनावी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। बीजेपी इन हाईटेक रथों के माध्यम से प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के गांव-कस्बों और गली-मोहल्ले में डबल इंजन की सरकार के विकास, गरीब कल्याण जनहित हितैषी कार्यों को जनता को बताने के साथ आगामी 5 वर्षों में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही ये रथ हर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान प्रतिदिन 10 रथ सभाएं करेगी। इस तरह बीजेपी प्रदेश भर में प्रतिदिन लगभग 2300 रथा सभाओं के जरिए जनता को अपनी सरकार की उपलब्धियां बताएगी। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश में 50 हजार रथ सभाएं की जाएंगी।
बीजेपी के एलईडी लगे हाईटेक रथों में स्कैनर लगे हुए हैं, जिन्हें स्कैन कर मतदाता भाजपा की योजनाओं को देख सकते हैं। भोपाल के साथ ही जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर जैसे शहरों से भी ये रथ रवाना होंगे। ये पूरे प्रदेश में अलग-अलग विधान सभा में पहुंचकर चुनावी प्रचार करेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बीजेपी के हाईटेक रथों को प्रदेश कार्यालय से हरी झंडी दिखाई है। साथ ही संभागीय मुख्यालयों से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रथ रवाना किए। इस बीच कांग्रेस ने बीजेपी की इस कवायद का विरोध किया है।
2023 के चुनाव के लिए भाजपा की ओर से मध्य प्रदेश के मन में मोदी टैगलाइन दी गई है। इसी टैगलाइन के आधार पर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया जा रहा है। यही टैगलाइन इन रथों के जरिए पूरे प्रदेश में पहुंचाई जाएगी। इसके पहले 2018 के चुनाव में माफ करो महाराज हमारा नेता शिवराज जैसी टैग लाइन दी गई थी, लेकिन इस बार भाजपा मोदी के नाम पर चुनाव लड़ रही है।










