भिलाई शंकराचार्य अस्पताल की पार्किग से वाहन चोरी करने वाला कोई और नहीं, बल्कि पार्किंग का सिक्योरिटी गार्ड निकला। पुलिस ने 5 आरोपियों से 11 दो पहिया वाहन जब्त किया है। इन वाहनों की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि चौकी स्मृति नगर अंतर्गत शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के पार्किंग से लगातार मोटरसाइकिल चोरी के सम्बन्ध में शिकायत प्राप्त हो रही थी। जिस पर पुलिस ने टीम बनाकर जांच की। मुखबीर से सूचना पर प्रकरण के मुख्य आरोपी आकाश चौबे को पकड़ा गया। आरोपी से पूछताछ करने पर बताया कि वह शंकराचार्य अस्पताल में सिक्युरिटी गार्ड का काम करता है। इसके कारण उसे पार्किंग एरिया के बारे में पूरी जानकारी है। उसने अपने साथी एम्बुलेंस चालक सतीश सिन्हा और अजय चौहान के साथ मिलकर योजना बनाई कि पार्किंग एरिया में सैकड़ो गाडी खड़ी रहती है।
शंकराचार्य अस्पताल के स्टाफ होने के कारण कोई हम पर शक भी नहीं करेगा। इसके बाद आकाश चौबे एवं उसके साथी मिलकर पार्किंग में खडी मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर चोरी कर ले जाते थे और अपने जान-पहचान वालो को सस्ते दामो में बेच देते थे। इस प्रकार आरोपियों ने करीब 9 माह में 11 मोटरसाइकिल चोरी की है। इसमें से 5 की बिक्री कर चुके थे। आरोपियों को पुलिस ने दबोचा है। उनकी पहचान आकाश चौबे निवासी परपोडी जिला बेमेतरा, सूरज साहू निवासी देवपुरा गंडई, उमेश कुमार साहू निवासी ग्राम राहुद थाना रनचिरई जिला बालोद, सतीश कुमार निवासी ग्राम राहूद थाना रनचिरई जिला बालोद और अजय चौहान (23 वर्ष) निवासी राजनांदगांव के रूप में हुई है।









