रायपुर, 28 मई 2025:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक धरमलाल कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर का जीवन राष्ट्रभक्ति, आत्मबलिदान और वैचारिक दृढ़ता का प्रतीक है। वे न केवल स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा थे, बल्कि समाज सुधारक, लेखक, इतिहासकार और दूरदर्शी राजनेता भी थे। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और आधुनिक भारत की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेल्युलर जेल में बिताए गए सावरकर के कठोर वर्ष उनके अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावरकर का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।
प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि सावरकर के विचार और जीवन मूल्य हर नागरिक के लिए प्रेरणा हैं, और राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि मानते हुए सभी को उनके पदचिन्हों पर चलना चाहिए।










