रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट में बुधवार तड़के एक प्रधान आरक्षक ने अपने ही साथी और घनिष्ठ मित्र प्रधान आरक्षक को 9 एमएम पिस्टल से चार गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक प्रधान आरक्षक पी. मिश्रा बीती रात 10 बजे किरोड़ीमल रेलवे लाइन की गस्त ड्यूटी पर था। ड्यूटी से सुबह करीब 4 बजे वे वापस के आरपीएफ पोस्ट थाने लौटा थाने में मौजूद उनके पुराने दोस्त और एक साथ ज्वाइनिंग करने वाले प्रधान आरक्षक कुमार सिंह लदेर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के मध्य देखते-देखते विवाद इतना बढ़ा कि कुमार सिंह लदेर ने अपनी सर्विस 9 एमएम पिस्टल निकाली और पी. मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर करते हुए धड़ाधड़ गोली दाग दिया। गोलियां लगते ही पी. मिश्रा मौके पर लहूलुहान हो गया। और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य जवान दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। स्टेशन में बैठे यात्रियों से लेकर स्टाल संचालकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रायगढ़ आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रधान आरक्षक कुमार सिंह लदेर को साथी जवानों ने ही हिरासत में ले लिया।










