सिगरेट और पान मसाला उपयोग करने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने इन उत्पादों पर अतिरिक्त टैक्स लगाने का फैसला लिया है। शुक्रवार को लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा करते हुए बताया कि इस नए टैक्स से प्राप्त होने वाली राशि सीधे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में खर्च की जाएगी।लोकसभा में हेल्थ सिक्योरिटी से नेशनल सिक्योरिटी सेस बिल पास हो गया है। इसके लागू होते ही सिगरेट, पान मसाला और इसी श्रेणी के अन्य उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।चर्चा के दौरान वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि कारगिल युद्ध के समय देश को तैयारी की कमी का सामना करना पड़ा था। आर्मी जनरलों ने बताया था कि 1990 के दशक में बजट की कमी के चलते सेना के पास मात्र 70–80% अधिकृत हथियार, गोला-बारूद और उपकरण ही उपलब्ध थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार अब ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आने देना चाहती।सरकार का मानना है कि तंबाकू और पान मसाला जैसे उत्पादों पर लगने वाला यह अतिरिक्त सेस एक तरफ जहां इनका इस्तेमाल कम करने में मदद करेगा, वहीं दूसरी ओर सेना की मजबूती और राष्ट्रीय सुरक्षा को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।










