कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवती शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर युवक प्रेमिका के साथ होटल पहुंचा और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। अगले दिन सुबह होटल कर्मियों ने कमरे में युवती का शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार कोरबा शहर के चंदेला होटल में शुक्रवार को जांजगीर चांपा के मरकीडीह निवासी संध्या दास (20 वर्ष) का शव कमरा नंबर 207 में संदिग्ध हालत में मिला था। उसके साथ उसी गांव का रहने वाला राकेश कुमार मानिकपुरी (25) भी रूका था। राकेश पहले से शादीशुदा है। गुरुवार को दोनों शादी कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर होटल पहुंचे और रूम नंबर 207 में ठहरे थे।रात में संध्या ने राकेश पर शादी करने का दबाव बनाया। दो बच्चों का पिता राकेश इससे परेशान था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और आरोपी ने गुस्से में आकर संध्या का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह चुपचाप होटल से निकलकर जांजगीर-चांपा भाग गया। शुक्रवार सुबह देर तक दरवाज़ा न खुलने पर होटल स्टाफ ने कमरे की जांच की, जहां बिस्तर पर संध्या की लाश मिली, जबकि राकेश गायब था।










