नई दिल्ली। रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन टिकट के दाम बढ़ाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। नई दरें 26 दिसंबर 2025 से बुक होने वाले टिकटों पर लागू होंगी। रेलवे के अनुसार, 215 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा पर किराया बढ़ाया गया है। साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा, जबकि मेल-एक्सप्रेस और एसी श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। राहत की बात यह है कि लोकल, उपनगरीय ट्रेनें और सीजन टिकट इस बढ़ोतरी से बाहर रखे गए हैं।रेलवे का कहना है कि यह फैसला बढ़ती परिचालन लागत को संतुलित करने के लिए लिया गया है। नए किराए केवल नई बुकिंग पर लागू होंगे, पहले से बुक किए गए टिकटों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। रेलवे मंत्रालय ने गुरुवार को ट्रेन टिकट किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी की। आज से ट्रेनों में सफर करना थोड़ा महंगा हो जाएगा। द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों के किराये में 215 किमी तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।










