रायपुर, 22 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम *मन की बात* की 131वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, नवाचार और सामाजिक पहल को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाला संवाद बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज में सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि हर महीने इस कार्यक्रम का लोग उत्सुकता से इंतजार करते हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कड़ी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और संभावनाओं पर विशेष जोर दिया। हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी ताकत की सराहना की गई और मेड इन इंडिया के तीन एआई मॉडल लॉन्च किए गए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी स्टार्टअप संस्कृति, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार के माध्यम से तकनीकी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती और भारत के विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बनने की उपलब्धि को रेखांकित किया। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के किसानों, वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, अमूल मॉडल की भूमिका और सुश्रुत संहिता जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण का भी उल्लेख किया गया। यह आधुनिक तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय का उदाहरण है।
उन्होंने केरल की बालिका आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान के निर्णय को मानवता की प्रेरक मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसे कदम समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता को बढ़ाते हैं।
प्रधानमंत्री ने डिजिटल फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश भी दिया। केवाईसी और बैंकिंग सुरक्षा को लेकर जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके अलावा टी-20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपलब्धियों, राष्ट्रपति भवन में आयोजित राजाजी उत्सव, परीक्षार्थियों के लिए प्रेरक संदेश और रमजान व होली के अवसर पर शुभकामनाओं का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मन की बात का प्रत्येक एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश के निरंतर प्रयासों को सामने लाता है। यह कार्यक्रम आम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।










