रायपुर। राजधानी रायपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा नेता धरमलाल कौशिक से सुबह हुई इस लूट की वारदात के महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए शहर भर में लगे 150 से अधिक आईटीएमएस कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के चूना भट्टी इलाके से आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मणिचंद्र ध्रुव के रूप में हुई है, जो सिंघानिया बिल्डर में चौकीदारी का काम करता है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किए जाने की बात कही जा रही है। इस कार्रवाई से राजधानी में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।










