रायपुर। मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की प्रमुख योजनाओं, नवाचारों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों की समीक्षा के साथ ही एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से कार्यों की प्रगति और गुणात्मक सुधारों का आकलन किया गया।
बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और विभिन्न क्षेत्रों में हुए गुणात्मक सुधारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में तैयार करने को कहा गया, ताकि राज्य के प्रयासों और उनके सकारात्मक परिणामों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जा सके।










