आईटी, फार्मा और वित्तीय शेयरों में खरीदारी के चलते लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद मंगलवार को बाजार में तेजी लौटी। तेल की बढ़ती कीमतों और विदेश्ाी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 581.93 अंक की गिरावट के साथ 52,260.82 पर खुला। पूरा दिन उतार-चढ़ाव वाला रहा और अंत में यह 581.34 अंक चढ़कर 53,424.09 पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 150.30 अंक या 0.95 प्रतिशत बढ़कर 16,013.45 पर पहुंच गया। सेंसेक्स चार्ट में सन फार्मा 3.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ शीर्ष पर रहा। इसके अलावा टीसीएस, एनटीपीसी, विप्रो, टेक महिंद्रा, डा. रेड्डीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और इन्फोसिस भी लाभ के साथ बंद हुए। विशेषज्ञों के मुताबिक रुपये के रिकार्ड स्तर पर गिरने के चलते फार्मा और आइटी जैसे निर्यात से जुड़े सेक्टर में जमकर खरीदारी हुई। एक्जिट पोल में कोई बड़ा उलटफेर नहीं होने के संकेत के चलते भी बाजार का माहौल सकारात्मक रहा। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजारों में बिकवाली जारी रखी। सोमवार को 7,482.08 करोड़ रुपये के श्ोयर बेचे।
डेट सिक्योरिटीज के पब्लिक इश्यू की खरीदारी के लिए यूपीआइ भुगतान की लिमिट को बढ़ा दिया गया है। अब खुदरा निवेशक दो लाख रुपये की बजाय पांच लाख रुपये निवेश कर सकेंगे। सेबी द्वारा जारी नई गाइडलाइन एक मई 2022 या इसके बाद खुलने वाले डेट सिक्योरिटीज के पब्लिक इश्यू के लिए लागू होगी।










