बंगाल के कोलकाता स्थित सेंट्रल पार्क मेला ग्राउंड में चल रहे 45वें अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले में पाकेटमारी करने के आरोप में अभिनेत्री रूपा दत्ता को गिरफ्तार किया गया है। रूपा के पास से कई मनी बैग बरामद हुए हैं, जिनमें कुल 75 हजार रुपये मिले हैं। पुलिस को उसके पास से एक डायरी भी मिली है, जिसमें बरामद हुई रकम का हिसाब लिखा है। अदालत में पेश करने पर अभिनेत्री को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रूपा कई हिंदी व बांग्ला धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।
पुस्तक मेले में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें कूड़ेदान में एक मनी बैग फेंकते देखा। संदेह के आधार पर उनसे पूछताछ की गई तो वह गोलमटोल जवाब देने लगी। इसके बाद जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से कई मनी बैग बरामद हुए। उनमें कुल 75 हजार रुपये थे। इसके बाद उन्हें बिधाननगर उत्तर थाना ले जाया गया। पुलिस ने उन्हें बिधाननगर अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए सात दिनों की रिमांड मांगी। रूपा ने अदालत में रोते हुए कहा कि वह अभिनेत्री हैं, भला इस तरह का काम क्यों करेंगी? उन्होंने वहां एक मनी बैग पड़ा देखकर उसे उठाया था और कूड़ेदान में फेंक रही थीं, उसी वक्त पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस पक्ष के अधिवक्ता की तरफ से जब उनसे सवाल किया गया कि उनके पास इतने सारे मनी बैग कहां से आए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं। इसके बाद अदालत ने रूपा को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
रूपा दत्ता वही अभिनेत्री हैं, जिन्होंने वर्ष 2020 में बालीवुड के जाने-माने फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। रूपा ने कहा था कि अनुराग कश्यप ने उन्हें फेसबुक पर गलत मैसेज भेजे थे, जिसके बाद यह बात सामने आई थी कि वह अनुराग कश्यप नाम के किसी और व्यक्ति से बात कर रही थीं।










