दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने पूरी कोशिश की लेकिन वह शुक्रवार को यहां फिर ताई जु यिंग को पराजित करने का तरीका नहीं ढूंढ सकीं और मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गईं।
एक हफ्ते पहले भी वह मलेशिया ओपन में चीनी ताइपे की महान खिलाड़ी से पराजित हो गई थीं। सातवीं वरीयता प्राप्त सिंधू को 55 मिनट तक चले मुकाबले में 13-21, 21-12, 12-21 से हार मिली। टोेक्यो ओलिंपिक की रजत पदक विजेता ताई जु के खिलाफ सिंधू की यह करियर की 17वीं हार है। वहीं पिछली सात भिड़ंत में चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने सिंधू पर बाजी मारी है। पिछली बार सिंधू ने ताई जु को बासेल में 2019 विश्व चैंपियनशिप में हराया था जिसमें इस भारतीय के नाम स्वर्ण पदक रहा था।
ताई जु ने अपने तेज तर्रार और सटीक खेल से शुरू में ही इरादे जाहिर कर दिए। वह 10-9 की बढ़त को 15-9 करने में सफल रहीं और दबदबा बनाते हुए मैच में बढ़त हासिल की। सिंधू ने दूसरे गेम में 11-4 की बढ़त बनाई और फिर रैलियों पर नियत्रंण बनाते हुए मैच में 1-1 की बराबरी पर पहुंच गईं।
निर्णायक गेम में भी भारतीय खिलाड़ी ने यही लय जारी रखी और एक समय वह 7-3 की बढ़त बनाए थीं जिससे लग रहा था कि वह ताई जु का तिलिस्म तोड़ देंगी, लेकिन दूसरी वरीय ने फिर वापसी की और ब्रेक तक दो अंक की बढ़त बनाई। ब्रेक के बाद सिंधू की सहज गलतियों और प्रतिद्वंद्वी के शानदार खेल से यह गेम पूरी तरह से ताई जु के पक्ष में हो गया, जिन्होंने 19-11 की बढ़त के बाद आसानी से जीत दर्ज की।










