बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. मंगलवार सुबह एक व्यक्ति अचानक मंदिर में घुस गया और धार्मिक नारे लगाते हुए मूर्तियों पर जूते से हमला करने लगा.लोगों ने जब उसे रोका, तो उसने मंदिर को नष्ट करने की धमकी भी दी.देखते ही देखते मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंचे श्रद्धालुओं और कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया.पुलिस के अनुसार यह घटना मराठाहल्ली के पास देवरबिसनहल्ली इलाके में स्थित वेणुगोपाल मंदिर की है. आरोपी कबीर मंडल मंगलवार सुबह नशे की हालत में ‘अल्लाह हू अकबर’ चिल्लाते हुए मंदिर में घुस गया. मंदिर के प्रवेश द्वार पर उसने मूर्तियों पर जूतों से वार करने की कोशिश की. इस हरकत से मंदिर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कई श्रद्धालु भयभीत होकर बाहर निकल आए, जबकि कुछ ने उसे रोकने की कोशिश की.
स्थानीय लोगों ने आरोपी को खंभे से बांधा
घटना के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं और मंदिर कर्मचारियों ने तुरंत मिलकर आरोपी को पकड़ लिया. गुस्से में लोगों ने उसकी पिटाई की और फिर मंदिर के बाहर खंभे से बांध दिया. कुछ ही देर में इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें लोग आरोपी को पकड़ते और उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. बाद में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया.










