धमतरी : जेब खर्च के लिए रुपये नहीं देने पर युवक ने मां व नानी की डंडे से जमकर पिटाई कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया जहां गंभीर घायल नानी की मौत हो गई। जबकि मां की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद फरार युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिटी कोतवाली के अनुसार जेल रोड बूढ़ादेव मंदिर के पास बठेनापारा निवासी लोमन ध्रुव उर्फ गोलू 21 वर्ष ने एक सितंबर की रात करीब नौ बजे जेब खर्च के लिए मां पूर्णिमा बाई (42) और नानी लखवंतीन बाई (62) से रुपये मांगे। दोनों के रुपये देने से मना करने पर युवक ने डंडे से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। वार्डवासियों ने दोनों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। जहां गंभीर रूप से घायल नानी लखवंतीन बाई की अस्पताल में ही मौत हो गई। डंडे से मारने के कारण नानी के सिर, चेहरे, कान, नाक, हाथ, पैर व पेट में गंभीर चोटें आईं थी। जबकि मां पूर्णिमा बाई का उपचार जारी है। उसके चेहरे, हाथों में चोटें हैं। इधर पुलिस ने रात में ही लोमन ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने डंडे को जब्त किया है। आरोपित लोमन ध्रुव को जेल भेज दिया है।










