बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक के बाद अब पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला हुआ है, इस हमले में कई जवानों की मौत हो गई। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि इस हमले में पाक सेना के 90 जवानों को ढेर कर दिया है।
द बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के काफिले पर नोशकी में हमला हुआ। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरसीडी हाईवे पर मिल पर सेना के काफिले पर हमला किया गया। यहां सिलसिलेवार कई धमाके हुए और फिर भारी गोलीबारी हुई। इस हमले के बाद कई एंबुलेंस और सुरक्षा बलों को उस स्थान की ओर जाते देखा गया, जबकि अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।
पाक सेना के काफिले पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने कहा, ‘बीएलए की फिदायी इकाई मजीद ब्रिगेड ने कुछ घंटे पहले नोशकी में आरसीडी हाईवे पर रसखान मिल के पास पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया। इस काफिले में आठ बसें शामिल थीं, जिनमें से एक पूरी तरह नष्ट हो गई। बीएलए की ओर से दावा किया गया कि इस हमले में पाकिस्तान सेना के 90 जवान मारे गए हैं।










