रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सोमवार 18 मई को रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल 112 के 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डायल 112 सेवा का विस्तार राज्य सरकार की उन बड़ी योजनाओं में शामिल है, जिसके जरिए पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। इस सेवा के शुरू होने से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मीडिया को बताया कि अभी तक सिर्फ 16 जिलों तक सीमित रहने वाली इस सेवा को अब पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी थानों को डायल-112 से जोड़ा जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में आम जनता तक पुलिस सहायता पहले की तुलना में ज्यादा तेज और प्रभावी ढंग से पहुंच सके। प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स रवाना की जाएंगी। अमित शाह के जगदलपुर में कार्यक्रम आपको बता दें कि रायपुर में कार्यक्रम के बाद बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से केंद्रीय गृहमंत्री जगदलपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वे नेतानार में दोपहर 12:20 बजे से 12:50 बजे तक जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन करेंगे। नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर करीब 1:25 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे। यहां वे बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।










