रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक की हत्या हो गई। नशे में हुए झगड़े के दौरान एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना 23 और 24 दिसंबर की देर रात की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साहू दूध डेयरी कचना के संचालक चिंटू साहू ने देर रात थाने पहुंचकर सूचना दी कि डेयरी में काम करने वाले उसके दोनों कर्मचारी सन्नी साहू और दुर्गेश धृतलहरे डेयरी में मौजूद नहीं हैं। साथ ही जिस कमरे में दोनों रहते थे, वहां फर्श पर खून फैला हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
डेयरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर सामने आया कि दोनों कर्मचारियों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था। लड़ाई के दौरान दुर्गेश धृतलहरे बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद सन्नी साहू उसे ऑटो में बैठाकर वहां से ले गया।
काफी तलाश के बाद पुलिस को आरोपी सन्नी साहू मेकाहारा अस्पताल में मिला। पूछताछ में सन्नी ने बताया कि दोनों ने शराब पी थी, इसी दौरान आपसी विवाद हो गया। झगड़े के दौरान सन्नी ने लोहे की रॉड और धारदार चाकूनुमा औजार से दुर्गेश के गले और गाल पर हमला कर दिया। घायल दुर्गेश को वही आरोपी मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार आरोपी सन्नी साहू (22 वर्ष) कचना का निवासी है और दूध बांटने का काम करता है। वहीं मृतक दुर्गेश धृतलहरे खरोरा थाना क्षेत्र के परसवानी गांव का निवासी था और ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। दोनों युवक डेयरी में ही रहकर काम कर रहे थे।









