रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे रायपुर–महासमुंद मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आरंग थाना क्षेत्र में आरंग नदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टाटा विस्टा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कार में चार युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन काफी तेज गति में था। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू सतनामी के रूप में हुई है। इनमें हर्ष और राहुल सगे भाई बताए जा रहे हैं। सभी की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच थी। मिथलेश धीवर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।









