अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई सुशांत के ‘दिमाग’ का पोस्टमार्टम करवाएगी। इस मामले की जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही सीबीआई एक के बाद एक कई लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर चुकी है। हालांकि अभी तक इस मामले की गुत्थी सुलझती नजर नहीं आ रही है। लिहाजा अब सीबीआई दिवंगत अभिनेता सुशांत के दिमाग की भी ऑटोप्सी करेगी। यानि सुशांत की जिंदगी से जुड़ी हर बात का सोशल मीडिया अकाउंट, व्हाट्सएप चैट, परिवार और दोस्तों के साथ उनकी बात का भी सीबीआई विश्लेषण करेगी। इसके लिए सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की मदद ली जाएगी।
सीबीआई सुशांत के मूड स्विंग, बर्ताव में आने वाले बदलाव, व्यक्तिगत पहचान को भी समझने की कोशिश करेगी, ताकि उसे सुशांत की मानसिक स्थिति की सही जानकारी मिल सके जिसके चलते सुशांत ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया। सूत्रों ने बताया कि सुशांत सिंह राजपूत के दिमाग का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इससे पहले इस तरह की जांच सिर्फ दो बार ही हुई है और अब तीसरी बार सीबीआई सुशांत मामले में करने जा रही है। सुशांत से पहले इस तरह की जांच सुनंदा पुष्कर और बुराड़ी नरसंहार केस में की गई थी।
साथ ही सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी सीबीआई करीब से समझने की कोशिश कर रही है। इसके लिए एम्स की चार सदस्यीय फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है जो सुशांत की अटोप्सी रिपोर्ट की जांच करेगी। सुशांत मामले की जांच हाथ में आने के बाद से सीबीआई शुक्रवार से मुंबई में अपना डेरा डाले है। सुशांत मामले की जांच सीबीआई की क्रैक टीम की वही यूनिट कर रही है जिसके पास विजय माल्या का भी केस है।
संभावना है कि सीबीआई जल्द ही इस मामले में रिया चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए समन कर सकती है और अगर पूछताछ में सहयोग नहीं करती हैं, तो सीबीआई उसे हिरासत में भी ले सकती है। इसकी पुष्टि सुशांत सिंह राजपूत के वकील विकास सिंह ने कही है। वकील विकास सिंह सुप्रीम कोर्ट में सुशांत मामले की जांच पटना से मुंबई ट्रांसफर करने के मामले की पैरवी कर चुके हैं।










