रायपुर, 13 जून 2026।राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर संवाद की भावना ने विकास कार्यों को नई गति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सहयोगात्मक दृष्टिकोण का ही परिणाम है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य के बीच मजबूत साझेदारी से अधोसंरचना विकास, उद्योग, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्रों में नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आपसी सहयोग और समन्वय से छत्तीसगढ़ के विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी और विकसित राज्य के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।










