रायपुर, 21 अप्रैल 2025 – अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से प्रकृति का प्रहरी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जीवनशैली और आजीविका प्रकृति से गहराई से जुड़ी हुई है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरणीय रूप से संतुलित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वृक्षारोपण, जल-संरक्षण, नदी-नालों का पुनर्जीवन, सामुदायिक वन प्रबंधन जैसी योजनाओं को जन-सहभागिता से जोड़ा जा रहा है, जिससे प्राकृतिक धरोहरें सुरक्षित रहें और आमजन का जीवन स्तर भी ऊंचा हो।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को भी पर्यावरणीय संतुलन के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार की योजनाओं में पर्यावरण संरक्षण को केंद्रीय तत्व के रूप में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि हर नागरिक एक वृक्ष अवश्य लगाए, उसकी देखभाल करे और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प ले। जल और ऊर्जा संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें और अक्षय ऊर्जा को अपनाकर पृथ्वी को प्रदूषण-मुक्त बनाने में सहभागी बनें।










