रायपुर, 28 अगस्त 2024/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले के ग्राम केंदुडीही पहुंचे और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव की धर्मपत्नी स्वर्गीय झिंगिया उरांव के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय झिंगिया उरांव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और जुएल उरांव व उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि जब स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई ने 1999 में प्रधानमंत्री पद संभाला, तो उन्होंने पहली बार आदिम जाति कल्याण मंत्रालय का गठन किया और इसके पहले मंत्री जुएल उरांव बने। मुख्यमंत्री ने जुएल उरांव के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों को याद करते हुए कहा कि जुएल उरांव उनके बड़े भाई जैसे हैं। जब वह सांसद थे, तब जुएल उरांव ने उनके संसदीय क्षेत्र में कई विकास कार्यों के लिए सहायता दी।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय झिंगिया उरांव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति की सफलता में उसकी धर्मपत्नी का बड़ा योगदान होता है। भाभी जी का स्नेह उन्हें हमेशा मिलता रहा। बीते वर्षों में जुएल उरांव ने जनहित में जो भी काम किए, उनमें भाभी जी की सहभागिता रही।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कृषि एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व मंत्री लता उसेंडी भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थीं।










