रायपुर, 20 जून 2025//मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और समावेशी नीति से बस्तर नक्सलवाद से मुक्त होगा। मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर शांति और विकास की नई शुरुआत होगी। राजधानी रायपुर पहुंचे बीजापुर जिले के सुदूर गांवों के 96 युवक-युवतियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात की और कहा कि आप सभी नया बस्तर गढ़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि ‘नियद नेल्ला नार’ जैसी योजनाओं से गांवों की तस्वीर बदल रही है। युवाओं को आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि माओवादी विकास नहीं चाहते, लेकिन सरकार हर बाधा दूर कर बस्तर में विकास की नई इबारत लिखेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की भूमि वीरता, धैर्य और स्वाभिमान की प्रतीक है। अब यह शांति और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई और खेती को प्राथमिकता देने और समाज में बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।
युवाओं ने भी मुख्यमंत्री से खुलकर संवाद किया और कहा कि वे शिक्षा, खेल, सेवा और हुनर के रास्ते पर चलकर बस्तर को बदलने का जरिया बनना चाहते हैं।










