रायपुर, 21 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी और संवेदनशीलता ने दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ दिवस कार्यक्रम के दौरान लोगों का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को खड़े होकर कार्यक्रम देखते हुए देखा और उन्हें पास बुलाकर अपने साथ बैठने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति की प्रस्तुतियां हो रही थीं। इसी दौरान मुख्यमंत्री की नजर एक बुजुर्ग पर पड़ी, जो दूर से कार्यक्रम देख रहे थे। मुख्यमंत्री ने तुरंत अपने सहायक से उन्हें बुलाने को कहा। जब बुजुर्ग व्यक्ति उनके पास पहुंचे, तो मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से उनका स्वागत किया और उन्हें अपने पास बैठने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम के बाद बुजुर्ग रामावतार तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह व्यवहार उनके दिल को छू गया। उन्होंने कहा, “इतने बड़े पद पर होने के बावजूद मुख्यमंत्री का यह सरल और संवेदनशील स्वभाव अद्भुत है। उनके साथ बैठकर मुझे बेहद सम्मानित महसूस हुआ।”
मुख्यमंत्री की इस आत्मीयता ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि दिल्ली के लोगों के दिलों पर भी गहरी छाप छोड़ी। उनकी इस संवेदनशीलता को देखकर दर्शकों ने उनकी खूब सराहना की।










