रायपुर, 25 मई 2026।छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में लंबे समय से मानव सेवा में जुटे डॉ. रामचंद्र गोडबोले और सुनीता गोडबोले को पद्मश्री 2026 सम्मान से नवाजा गया है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि उस सेवा भावना का प्रतीक है, जिसने दशकों तक आदिवासी समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। उन्होंने बताया कि गोडबोले दंपति ने चार दशकों से अधिक समय तक नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, जहां मूलभूत सुविधाएं भी पहुंच से दूर थीं।
उन्होंने कहा कि इस दंपति ने आदिवासी समाज के स्वास्थ्य सुधार, कुपोषण से लड़ाई और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके प्रयासों से हजारों परिवारों के जीवन में नई आशा जगी है।
वित्त मंत्री ने गोडबोले दंपति की सेवा को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।









