बिलासपुर। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब डीजे के शोर के बीच युवकों के बीच हुई हाथापाई ने हिंसक रूप ले लिया। नाचते-नाचते शुरू हुआ छोटा-सा विवाद इस कदर भड़क गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र का है।ग्राम खपरी में बादल निषाद के विवाह समारोह में रात करीब 7.30 बजे चुलमाटी कार्यक्रम हुआ। इस दौरान डीजे पर नाच रहे कुश यादव का हाथ संदीप निषाद से टकरा गया, जिसके बाद शुरू हुई कहासुनी पलभर में बवाल में बदल गई। बताया जाता है कि संदीप ने गाली-गलौज के साथ कुश को थप्पड़ मार दिया, जिस पर गोल्ठा निषाद और ओम पटेल भी उसका पक्ष लेते हुए विवाद में कूद पड़े।इसी दौरान बरतोरी के सूरज यादव और अर्जुन यादव भी मौके पर पहुंच गए और पांचों ने मिलकर कुश यादव पर हमला कर दिया। संदीप ने उसका गला पकड़कर जमीन पर गिराया और सभी ने लात-घूंसे और मुक्कों से पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर कुश के चाचा रामभजन यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन यह प्रयास ही उनकी मौत की वजह बन गया।










