डॉक्टर के वेश में आदिल इतने खतरनाक मंसूबे पाल रहा था यह भनक किसी को नहीं थी, लेकिन आदिल की गिरफ्तारी के बाद जैसे-जैसे पूछताछ का दायरा आगे बढ़ रहा है बेहद चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।जिस तरीके से आदिल से पूछताछ के बाद फरीदाबाद में विस्फोटक पदार्थ और हथियारों का इतना बड़ा जखीरा मिला उससे हर कोई हैरान है। अब यह भी सामने आया है कि आदिल पश्चिमी यूपी में बड़ा आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी कर रहा था।अनंतनाग का रहने वाला डॉ. आदिल अंबाला रोड स्थित फेमस मेडिकेयर अस्पताल में नौकरी करता था। 7 नवंबर को जिस समय उसे पकड़ा गया अचानक हलचल पैदा हो गई। पुलिस और एटीएस से लेकर अन्य खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े डॉ. आदिल की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। अभी तक हुई प्राथमिक जांच में आया है कि आदिल पश्चिमी यूपी के कई डॉक्टरों के संपर्क में था, जिसमें ज्यादातर जम्मू कश्मीर या वहीं के आसपास के रहने वाले थे।इसमें कई ऐसे भी हैं, जो डॉक्टरी पेशे में नहीं हैं। यहां तक कि अस्पताल और घर पर सात-आठ युवक उससे मिलने भी आते थे। ऐसे में खुफिया एजेंसियां उनकी भी जानकारी जुटा रहीं हैं।
मरीज भी आ सकते हैं जांच के दायरे में
फेमस अस्पताल में डॉ. आदिल फिजिशियन के पद पर नौकरी करता था। अवकाश के दिनों को छोड़कर उसकी रोजाना ओपीडी चलती थी। ऐसे में खुफिया एजेंसियों को यह भी अंदेशा है कि उपचार के बहाने मरीजों का ब्रेनवॉश तो नहीं कर रहा था।









