बहुचर्चित जोड़ी अभिनेता रणबीर कपूर और उनकी पत्नी आलिया भट्ट ने बांद्रा स्थित वास्तु पाली हिल के प्रांगण में ही रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया। इससे पहले रिसेप्शन का कार्यक्रम मुंबई के पांच सितारा होटल में रखे जाने की खबर थी। वास्तु में रणबीर और आलिया दोनों ने फ्लैट ले रखे हैं। रिसेप्शन में सबसे पहले पहुंचने वालों में आलिया की मां सोनी राजदान, बहन शाहीन भट्ट, रणबीर की मां नीतू कपूर, बहन रिद्धिमा कपूर साहनी, उनके पति भरत साहनी शामिल रहे। उसके बाद निर्देशक अयान मुखर्जी, करण जौहर, शकुन बत्रा, अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता नंदा, करिश्मा कपूर, रोहित धवन, लव रंजन, अनुष्का रंजन अपने अभिनेता पति आदित्य सील, अर्जुन कपूर अपनी गर्लफ्रेंड मलाइका अरोड़ा के साथ पहुंचे। शाह रुख खान की पत्नी गौरी भी रिसेप्शन में आईं। इसके कुछ देर बाद शाह रुख भी आए। नामी-गिरामी हस्तियों के आने की वजह से घर के बाहर पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। रणबीर और आलिया ने गुरुवार को वास्तु पाली हिल के प्रांगण में ही शादी की थी। उनकी शादी के कार्यक्रम 13 अप्रैल से शरू हुए थे। रिसेप्शन पार्टी के साथ शादी से जुड़े सभी कार्यक्रमों का समापन हो गया। आम जनों की तरह रणबीर और आलिया को बधाई देने किन्नर उनके घर पहुंचे। बधाई देने के बाद किन्नरों ने इस जोड़ी से सवा लाख रुपये शगुन राशि मांगी। पहले रणबीर और आलिया की तरफ से 30 हजार रुपये का पैकेट भेजा गया। लेकिन किन्नर नहीं माने और बिल्डिंग के दरवाजे के बाहर बैठे रहे। दोनों पक्षों में घंटों मान-मनौवल चला। कई बार किन्नरों ने रणबीर-आलिया के घर में भी जाने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने रोक लिया। मीडिया के सामने रणबीर-आलिया को बधाई देते हुए किन्न्रों ने डांस भी किया। अंतत: दोनों पक्ष एक तय राशि पर राजी हुए और किन्नरों ने बधाई देते हुए विदाई ली। हालांकि, किन्नरों ने मिली राशि नहीं बताई।










