बलरामपुर। जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जिसमें स्कूल के लिए निकले एक हेडमास्टर की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों में यह खबर आग की तरह फैली है। मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वे ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। रोज की तरह सोमवार सुबह वे स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंड थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस किसी एक कारण पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।










