रायपुर, 27 जून 2026। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बनते हुए रायपुर की प्रतिभाशाली छात्रा महिमा राजपूत का चयन अंतरराष्ट्रीय ShakthiSAT Mission के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महज 14 वर्ष की आयु में 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ इस प्रतिष्ठित अंतरिक्ष मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करना महिमा की असाधारण प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का प्रतीक है। यह न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि महिमा राजपूत ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत से यह सिद्ध कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अवसर मिलने पर वैश्विक मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महिमा की यह सफलता युवाओं में विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करेगी। राज्य सरकार भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने पुनः महिमा राजपूत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वे आगे भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।










