ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक फ्लैट में काम करने वाली नौकरानी से उसके मालिक का एक रूमाल गिर गया। वह मालिक के गिरे रूमाल को उठाने के लिए 12वीं मंजिल से लटककर निकालने लगी। इस दौरान किसी ने यह दृश्य अपने कैमरे में कैद कर लिया। उसका यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोटो के मुताबिक एक नौकरानी ने मालिक के रूमाल के लिए जान की बाजी लगा दी।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू हाउसिंग सोसाइटी में नौकरानी रूमाल उठाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर 12वीं मंजिल की बालकनी से नीचे लटक गई। यह पूरी घटना सोसाइटी के एल टावर की है। एल टावर की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में महिला घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है। दोपहर को जब नौकरानी ने कपड़े धोकर बालकनी में सुखाएं तो मालिक का रूमाल 11वीं मंजिल पर गिर गया।
इसके बाद महिला ने रूमाल उठाने के लिए बालकनी की रेलिंग पर लटकने का फैसला लिया। नौकरानी बालकनी की रेलिंग पर बाहर की तरफ लटक गई। इस दौरान पूरी सोसाइटी में लोग हैरान हो गए। लोगों के लाख मना करने के बावजूद उसने अपनी जान की बाजी लगाकर मालिक का रूमाल उठा लिया।










