महाराष्ट्रके उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब मुंबई पुलिस ने कुणाल कामरा को तीसरा समन जारी किया है। उन्हें 5 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें पहले दो बार पुलिस ने तलब किया था, लेकिन वे जांच में शामिल नहीं हुए।
मुंबई में एक शो में गाए गए एक पैरोडी गाने के बाद विवाद पैदा हुआ है। पैरोडो में कुणाल कामर ने शिंदे को निशाना बनाया गया था,जो उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह के बाद शिवसेना प्रमुख हैं और उन्हें देशद्रोही कहा गया था। हालांकि गाने में शिंदे का नाम नहीं था, इसके बाद पिछले महीने गुस्साए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उस स्टूडियो में तोड़फोड़ की, जहां शो की रिकॉर्डिंग की गई थी। खार पुलिस ने एक शिवसेना विधायक की शिकायत पर कामरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की मानहानि से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
अधिकारियों ने बताया कि खार पुलिस की एक टीम मुंबई के माहिम इलाके में कामरा के घर गई, जहां उनका परिवार रहता है, ताकि पता लगाया जा सके कि वह पुलिस के सामने पेश होंगे या नहीं। 28 मार्च को मद्रास हाई कोर्ट ने कॉमेडियन को अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी। न्यायमूर्ति सुंदर मोहन ने खार पुलिस को भी नोटिस जारी किया और मामले की अगली सुनवाई 7 अप्रैल को तय की।










