अंबिकापुर : सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खजूरी में मुर्रा बनाने वाली एक फैक्ट्री में रविवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री और उससे लगे मकान में रखा मुर्रा, कच्चा माल, मशीनें और घरेलू उपयोग का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार ग्राम खजूरी में पत्थलगांव (रायगढ़) निवासी जगन्नाथ राम द्वारा एक मकान किराए पर लेकर मुर्रा फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। फैक्ट्री के बगल में ही उन्होंने अपना आवास भी बनाया था। यहां बड़े पैमाने पर मुर्रा तैयार किया जाता था, जिसमें स्थानीय ग्रामीण काम करते थे।बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब चार बजे फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडर में लीकेज हो गया, जिससे आग लग गई। जिसके चलते आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया।









