बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार ने फ्लोर टेस्ट जीत लिया. उनके पक्ष में 129 वोट पड़े, जबकि मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने वॉकआउट कर दिया। हालांकि फ्लोर टेस्ट से पहले तक पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने राज्य में बड़े स्तर पर खेला करने की बात की थी। इसका असर भी दिखा, नीतीश के कई विधायक उनकी बैठक से भी नदारद दिखे। तीन विधायकों के तो फोन भी स्विच ऑफ थे। इसके बाद चर्चा तेज होने लगी थी कि ये विधायक कल से फ्लोर टेस्ट से पहले तेजस्वी के पाले में जाकर नीतीश को गच्चा देने वाले हैं।
आखिरकार नीतीश कुमार ने रातभर जागकर बाजी पलट दी और खेला नहीं हो पाया। नाराज विधायकों से नीतीश ने खुद फोन कॉल पर बात की और उन्हें बिहार विधानसभा में पहुंचने के लिए मनाया। नीतीश कुमार ने फ्लोर टेस्ट से एक दिन पहले नाराज मांझी को मनाने का काम केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सौंपा था। नित्यानंद पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बिहार विधानसभा में पहुंचने से पहले उनके आवास पर करीब आधा घंटा रुके थे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विश्वास मत की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के चारों विधायक भी वहां मौजूद रहे।
नीतीश कुमार ने फ्लोर टेस्ट से पहले आनंद मोहन के बेटे और अनंत सिंह की पत्नी को साध लिया। दोनों आरजेडी खेमे में थे। इसके अलावा प्रह्लाद यादव भी सत्ता पक्ष के खेमे में बैठे नजर आए। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा से विधायक हैं, जबकि आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद शिवहर से। दोनों को लालू परिवार का करीबी माना जा रहा था। दोनों के नीतीश कुमार के पाले में चले जाने की वजह से आरजेडी का गेम प्लान खराब हो गया। चर्चा है कि आनंद मोहन की पत्नी जेडीयू के टिकट से वैशाली या शिवहर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं, वहीं नीलम देवी को भी नीतीश कुमार की तरफ से बड़ा इनाम मिल सकता है। अनंत सिंह की रिहाई की भी चर्चा है। जेडीयू के तीन विधायक बीमा भारती, दिलीप रॉय और बीजेपी के तीन विधायक मिश्री लाल यादव, रश्मि वर्मा और भागीरथी देवी फ्लोर पर नहीं पहुंचीं।










