अक्षय कुमार की फिल्म ओह माय गॉड 2 भी अब विवादों में घिर गई है। फिल्म निर्माता को महाकाल मंदिर के पुजारियों ने नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि फिल्म में भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्हें बाजार में दुकान से कचोरी खरीदते दिखाया गया है। यह भगवान शिव के श्रद्धालुओं को आहत करता है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम आयु के लोग नहीं देख पाएंगे। इस पर भी महाकाल मंदिर को पुजारियों आपत्ति है। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के दृश्य स्वीकार्य नहीं हैं। दरअसल, ‘ओह माय गॉड 2’ 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘ओह माय गॉड’ का सीक्वल है।
महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी महेश शर्मा ने यह नोटिस फिल्म के निर्देशक अमित राय, निर्माता विपुल शाह और चंद्रप्रकाश द्विवेदी, अभिनेता अक्षय कुमार के अलावा सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून कुमार जोशी को भेजा गया है। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से हाई कोर्ट के वकील अभिलाष व्यास ने यह नोटिस 7 अगस्त को भेजा है। इसमें कहा गया है कि लेटर मिलने के 24 घंटे के अंदर अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए। सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा न करने की पर फिल्म के सर्टिफिकेट को रद्द करने के लिए अपील की जाएगी।
निर्देशक उमेश शुक्ला की इस फिल्म में अक्षय भगवान कृष्ण बने नजर आए थे। इसमें उनके साथ परेश रावल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। 60 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 200 करोड़ रुपये कमाए थे। ‘ओह माय गॉड 2’ 11 अगस्त को आ रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर सनी देओल की फिल्म ‘गदर 2’ से होने वाली है।









