प्रसिद्ध धारावाहिक प्रतिज्ञा के ‘सज्जन सिंह’ यानी अनुपम श्याम का सोमवार को निधन हो गया। उन्हें गुर्दे में संक्रमण के कारण पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके कई अंगों के काम करना बंद कर दिया था। यह जानकारी अभिनेता के मित्र यशपाल शर्मा ने दी। अभिनेता (63) इन दिनों धारावाहिक ‘मन की आवाज :प्रतिज्ञा’ में काम कर रहे थे। वह फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ और ‘बैंडिट क्वीन’ में भी नजर आ चुके हैं।
अभिनेता यशपाल शर्मा ने बताया कि पिछले चार दिन से उपनगर गोरगांव के लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने अपने दो भाइयों अनुराग और कंचन की मौजूदगी में अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। ‘ चिकित्सकों ने करीब 40 मिनट पहले ही हमें उनके निधन की जानकारी दी। मैं तब उनके भाइयों अनुराग और श्याम के साथ अस्पताल में ही था। उनका शव अब भी अस्पताल में ही है। शव को न्यू डिंडोशी, एमएचएडीए कॉलोनी स्थित उनके घर ले जाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार आज दिन में किया जाएगा।’’
श्याम ने अपने तीन दशक लंबे करियर में ‘सत्या’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘हज़ारों ख़्वाहिशें ऐसी’ जैसी कई फिल्मों में काम किया और 2009 में आए धारावाहिक ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ में उनके ठाकुर सज्जन सिंह के किरदार को समीक्षकों की काफी सराहना भी मिली। वह हाल में ‘मन की आवाज :प्रतिज्ञा’ के दूसरे सीजन के लिए शूटिंग कर रहे थे।
अनुराग ने पिछले साल बताया था कि श्याम का डायलिसिस किया जा रहा है। अभिनेता के परिवार ने मनोरंजन जगत के उनके दोस्तों से उनके इलाज के लिए मदद करने का अनुरोध भी किया था।










