अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार आखिरकार 20 जनवरी सुबह व्हाइट हाउस छोड़ देंगे। उसी दिन नव निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन अपना पद संभालने वाले हैं। सत्ता हस्तांतरण की योजना से जुड़े जिम्मेदार व्यक्ति ने अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि ट्रंप के व्हाइट हाउस छोड़ने की बात अधिकृत रूप से सामने नहीं आई है, लेकिन जिस तरह से तैयारियां हैं। उससे लगता है कि वह बुधवार सुबह व्हाइट हाउस को अलविदा कहेंगे।
ट्रंप ने परंपरा तोड़ते हुए बाइडन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की घोषणा पहले से ही कर दी है। उनके स्थान पर उप राष्ट्रपति माइक पेंस कार्यक्रम में भाग लेंगे। सारी परंपराएं निभाने का जिम्मा पेंस पर ही।
इस बीच वर्तमान उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने भावी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को फोन कर उन्हें जीत की बधाई देने के साथ हर तरह का सहयोग देने का वादा किया। चुनाव नतीजे आने के बाद दोनों के बीच यह पहली बातचीत थी। इसके विपरीत उधर ट्रंप ने भावी राष्ट्रपति बाइडन से बात नहीं की है। चुनाव नतीजे आने के बाद से वे लगातार बाइडन के निर्वाचन को चुनौती देते चले आ रहे हैं।
जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह का रविवार को प्रस्तावित पूर्वाभ्यास कार्यक्रम रद कर दिया गया है। दरअसल इस समय पूरा संसद भवन परिसर (कैपिटल हिल) सुरक्षा बलों के हवाले है। ट्रंप समर्थकों की किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए हथियारबंद जवान पूरी चौकसी बरत रहे हैं। राजधानी में 25 हजार नेशनल गार्ड्स तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से व्हाइट हाउस और उसके आसपास स्थित सभी स्मारक आम लोगों के लिए बंद कर दिए हैं। इन स्थानों पर आम लोगों को 21 जनवरी के बाद ही जाने की इजाजत मिलेगी।










