नई दिल्ली।छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र के समक्ष महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर चावल परिवहन के लिए पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चावल के समयबद्ध उठाव से न केवल परिवहन प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि गोदामों में नई फसल के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध हो सकेगी। इससे किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया को और अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल के लिए 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति के लिए राज्य को हर महीने कम से कम 250 रेलवे रैक की आवश्यकता है।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे।










