जांजगीर-चांपा। जिला जेल खोखरा में मंगलवार सुबह बड़ी खबर सामने आई जिसमें एक विचाराधीन बंदी का शव जेल परिसर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला। उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जवाली निवासी दुवास राम केवट के रूप में हुई है। सूत्र के अनुसार उसे नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र में 5 मार्च 2026 को एक नाबालिग बालिका अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने का अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की थी।इसके बाद बालिका को कोरबा जिले से बरामद किया गया। पूछताछ और जांच में दुवास राम केवट का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित साक्ष्य मिले। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और जिला जेल में भेज दिया गया जहां उसने फांसी लगा ली है। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जेल परिसर के भीतर यह घटना किन परिस्थितियों में हुई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र में किसी प्रकार की लापरवाही या चूक हुई है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।










