जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच फिर मुठभेड शुरू हो गई है। यह मुठभेड अवंतीपोरा के त्राल में स्थित मगामा इलाके में शुरू हुआ है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध आतंकवादी को मार गिराया है। वहीं इलाके में अभी मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों को त्राल के मगामा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने अभियान चलाया। इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया है। इलाके में अभी भी एनकाउंटर चल रहा है।
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दल पर हमला किया है। हमले में एक जवान घायल होने की खबर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने हमले के बाद इलाके को सील कर दिया है, साथ ही आतंकियों की तलाश की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह बडगाम जिले के चौदरा इलाके में सीआरपीएफ पार्टी के गश्ती दल को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई है। फिलहाल इलाके को बंद कर आतंकियों की तलाश की जा रही है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।









