रायपुर। रायपुर के सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। हाथ साफ करते हुए चोर ने करीब 7 लाख रुपए से भरा लॉकर ही चुरा लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। जहां रविवार सुबह दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली। इस घटना के बाद पुलिस को इसकी तत्काल जानकारी दी गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर दुकान में घुसे और वहां रखा कैश से भरा लॉकर उखाड़कर ले गए। बताया जा रहा है कि लॉकर में करीब 7 लाख रुपए कैश रखे थे। वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
DVR भी गायब किया चोरों ने
चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे CCTV सिस्टम का DVR भी निकाल लिया। इससे पुलिस को फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।










