रायपुर: राजधानी में पुलिस की सख्ती के बावजूद शहर में ‘सूखा नशा’ (ड्रग्स) धड़ल्ले से बिक रहा है। ताजा मामला अमलीडीह कालोनी का बताया जा रहा है, जहां एक फ्लैट में ड्रग्स लेने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवती समेत कुछ युवक खुलेआम ड्रग्स की लाइन खींचते हुए नजर आ रहे हैं। टेबल पर नोट रखकर नशे का सेवन किया जा रहा है, जिससे यह साफ होता है कि नशे का कारोबार अब घरों और फ्लैटों तक पहुंच चुका है। पुलिस का मानना है कि छोटे पैडलर्स के अलावा अब पर्सनल ग्राहकों को चोरी-छिपे सप्लाई करने वाला नेटवर्क सक्रिय है।फ्लैट्स, किराये के मकान और पार्टियों को इसका अड्डा बनाया जा रहा है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रहे युवकों और युवती की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।










