सर्दियों के मौसम में हरी-हरी मटर खूब मिलती है. मटर से आप कई तरह की रेसिपी बना सकते हैं. प्रोटीन से भरपूर मटर का सेवन करना काफी फायदेमंद भी होता है, इसलिए विंटर डाइट में मटर को जरूर शामिल करना चाहिए. चावल में मटर मिलाकर मटर पुलाव भी बना सकते हैं. कई बार सादा चावल खाने की बजाय पुलाव खाने की इच्छा होती है. आप मटर पुलाव दिन या रात में किसी भी सब्जी के साथ खा सकते हैं. यह खाने के स्वाद को और भी ज्यादा बढ़ा देगा. मटर पुलाव एक पसंदीदा भारतीय व्यंजन भी है. इसे बनाना भी बहुत आसान है. इसमें डाली जाने वाली सामग्री आसानी से किचन में उपलब्ध होती है. तो आइए जानते हैं मटर पुलाव बनाने की क्विक रेसिपी.
मटर पुलाव बनाने के लिए सामग्री
चावल-1 कप बासमती चावल
हरी मटर- आधा कप
प्याज- 1 बारीक कटा
अदरक का पेस्ट- आधा चम्मच
लहसुन का पेस्ट- आधा चम्मच
हरी मिर्च- 1 बारीक कटी
शुद्ध घी- आधा चम्मच
दालचीनी- 1 टुकड़ा
लौंग-2-3
बड़ी इलायची- 1
तेल- 1/2 बड़ा चम्मच
पानी-आवश्यकतानुसार
नमक-स्वादानुसार
मटर पुलाव बनाने की विधि
सबसे पहले आप चावल को अच्छी तरह से पानी से साफ कर लें. अब 10 मिनट के लिए पानी में भिगो कर रख दें. इसके बाद चावल से पानी निकाल दें. गैस पर एक कड़ाही में घी डालकर गर्म करें. इसमें लौंग, दालचीनी, बड़ी इलायची का टुकड़ा डाल दें. जब भुन जाए तो इसमें हरी मिर्च और प्याज डालकर 1 मिनट भूनें. जब ये गोल्डन ब्राउन हो जाए तो इसमें अदरक और लहसुन का पेस्ट भी डाल दें. अब इसमें मटर डालें और एक मिनट तक भूनें. साफ किए हुए चावल को भी कड़ाही में डाल दें और अच्छी तरह से चलाएं. इसमें नमक डालें और जरूरत के अनुसार पानी डाल दें.
जब यह अच्छी तरह से उबलने लगे तो धीमी आंच करके ढक्कन लगा दें. इसे करीब 8-10 मिनट के लिए पकने दें. ढक्कन हटाकर हाथों से चेक कर लें कि चावल पका है या नहीं. पक गया हो और पानी सूख गया हो तो आंच बंद कर दें. ढक्कन तुरंत ना हटाएं. 5 मिनट के लिए ऐसे ही रहने दें. आप इसके ऊपर धनिया पत्ती से गार्निश करके पनीर की सब्जी या फिर दाल फ्राई आदि के साथ लंच या डिनर में सर्व कर सकते हैं.










