पंजाब के अमृतसर स्थित भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा अटारी के निकट से आतंकियों ने बुधवार रात घुसपैठ की कोशिश की। मगर सीमा पर सजग सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया। आतंकी रात में कोहरे का फायदा उठाकर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। दोनों को पहले रुकने की चेतावनी दी गई। लेकिन, बीएसएफ की चेतावनी के बाद आतंकियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद सेना को भी जवाबी कार्रवाई शुरू की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो आतंकियों के मारे गए हैं। उनसे दो एके-47, भारी मात्रा में गोला-बारूद और ड्रग्स के कुछ पैकेट बरामद किए गए हैं। पंजाब पुलिस और बीएसएफ पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन कर रही है।
बीएसएफ और पंजाब पुलिस को आशंका है कि इन घुसपैठियों का इरादा भारत में घुसकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने का था। ये आतंकी सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान डाइवर्ट करने के लिए अपने साथ ड्रग्स की आड़ में भारी हथियार लेकर घुसपैठ की कोशिश में थे। इससे पहले मंगलवार रात को भी उसने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। इसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था, जिसमें पाकिस्तान के दो जवान मारे गए थे। दूसरी तरफ जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ। इसमें एक स्थानीय आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल जख्मी होने की वजह से उसे हॉस्पिटल लेकर जाया गया है।
इससे पहले 13 दिसंबर को भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांवों और अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी कर संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन किया था। शनिवार रात करीब 10 बजे हीरानगर सेक्टर के पंसार सीमा चौकी इलाके में सीमा पार से गोलीबारी शुरू हुई, जिसका सीमा सुरक्षा बल ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
गौर हो कि बुधवार को 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के 50 साल हुए थे। इससे भी पाकिस्तान ने सबक नहीं लिया है और अबतक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया है। 1971 के युद्ध के बाद ही पाकिस्तान दो हिस्सों में बंटा था।










